फफूंद (औरैया)। कस्बे के औरैया फफूंद मार्ग पर ओवरटेक करने में संतुलन बिगड़ने से एक कार और डंपर की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार घायल हो गए।
मौके पर भीड़ जुटती देख कार सवार और डंपर चालक अपने वाहनों को छोड़कर भाग निकले। सड़क पर जाम व हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वाहनों को सड़क किनारे करते हुए पुलिस ने जाम खुलवाया। इसके बाद भाग निकले लोगों की जानकारी जुटाना शुरू किया।
औरैया फफूंद मार्ग पर सोमवार दोपहर मिट्टी से भरा एक डंपर फफूंद की ओर जा रहा था। कस्बे के मोहल्ला ताहरपुर मोड़ पर पहुंचते ही पीछे से आ रही एक कार ओवरटेक करने लगी। तेज गति के कारण कार चालक नियंत्रण खो बैठा और कार डंपर से भिड़ गई। यह देख डंपर चालक डंपर को सड़क किनारे ले जाते हुए एक मकान से टकराते-टकराते बचा।
विज्ञापन
उधर, टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठी सवारी भी घायल हो गईं। घटना देख लोगों की भीड़ जुटने लगी। यह देख कार सवार लोग और डंपर चालक अपने वाहन छोड़कर मौके से भाग गए। पुलिस ने जाम खुलवाकर वाहनों को किनारे कराया।
पुलिस को कार में शादी के कार्ड मिले। जिसके बाद पुलिस दोनों वाहनों के चालकों की जानकारी हासिल करने में जुट गई। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि ओवरटेक करते समय डंपर से कार टकराई है। लोग वाहन छोड़कर मौके से चले गए हैं। उनकी पहचान कराई जा रही है।