क्षेत्र के किशनी-बिधूना मार्ग पर मंगलवार सुबह गिट्टी लादकर जा रहे डंपर का टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित डंपर दिल्ली से आ रही प्राईवेट बस में सामने से जा टकराया। टक्कर से बस में सवार एक दर्जन सवारियां घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से डंपर चालक व एक सवारी को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे झांसी से गिट्टी लादकर एक डंपर किशनी मैनपुरी की तरफ जा रहा था। जब वह क्षेत्र के गुलालपुर गांव के पास पहुंचा तभी उसका टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित डंपर सामने से आ रही बस में जा टकराया। प्राईवेट बस दिल्ली से बिधूना आ रही थी। टक्कर के बाद बस में बैठी सवारियों में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे में लगभग एक दर्जन सवारियां मामूली चुटहिल हुईं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रवाना कर दिया। बस में सवार बेला निवासा वीरेंद्र सिंह पुत्र रामप्रकाश व डंपर चालक मुकेश निषाद निवासी झांसी को गंभीर घायल होने पर सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।