बिधूना। नगर पंचायत के मोहल्ला किशोरगंज स्थित स्टेट बैंक के पास जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है। 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी खोदी गई सड़क की मरम्मत न होने से राहगीर परेशान हैं।
सड़क पर बने गड्ढे और उभरीं ईंटें राहगीरों के लिए हादसों का कारण बन रही हैं। हाल ही में हुई बारिश ने समस्या को और गंभीर कर दिया है। फीडर रोड पर स्टेट बैंक से किशोरगंज पुरानी बरधाई मार्ग पर खोदाई हुई थी। काम खत्म होने के बाद सड़क को पहले जैसा नहीं किया गया। दिन में लोग जैसे-तैसे बचकर निकल जाते हैं। रात में अंधेरा होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे बाइक सवार आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
मोहल्ले के सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई। सड़क अधूरी होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। संदीप राजावत ने कहा कि सड़क टूटने से बाइक सवारों को सबसे अधिक परेशानी है। गड्ढे में पहिया फंसने से कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। पैदल राहगीरों को भी बहुत संभलकर चलना पड़ता है।
वर्जन
सड़क की समस्या को लेकर जल जीवन मिशन के अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है। एक-दो दिन के भीतर सड़क को दुरुस्त करा दिया जाएगा, ताकि राहगीरों को आवागमन में सहूलियत मिले और हादसों पर रोक लग सके। - आदर्श कुमार मिश्रा, अध्यक्ष नगर पंचायत बिधूना