बिधूना। सब स्टेशन बिधूना से अछल्दा आने वाली 33 केवीए हाईटेंशन लाइन में रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे ब्रेकडाउन हो गया। इससे अछल्दा नगर समेत क्षेत्र के फीडरों से जुड़े 80 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 13 घंटे बाद सोमवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
बताया गया कि बिधूना से अछल्दा आने वाली 33 केवीए लाइन में चिरकुआ के पास अचानक बड़ा फॉल्ट आ गया। इससे अछल्दा उपकेंद्र व इससे जुड़े रुरुगंज फीडर, गुनौली फीडर, मोहम्मदाबाद फीडर सहित अन्य फीडरों की आपूर्ति ठप होने से नेबिलगंज, मोहमदाबाद, नगरिया, वंशी. गुनौली, बरका पुरवा, रुरुगंज, चिरहैया, तेजपुर अड्डा, प्रेमनगर, छछुंद, बोडे़पुर, तुरुकपुर, साजनपुर, लालपुर, रामपुर समेत करीब 80 गांवों में अंधेरा छा गया।
नेबिलगंज स्थित उपकेंद्र के अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि चिरकुआ के पास 33 केवीए लाइन में फॉल्ट आने से ब्रेकडाउन हुआ था। कर्मचारियों द्वारा लगातार कार्य कर फॉल्ट को ठीक कर दिया गया। इसके बाद सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई है।