बिधूना। भटौली गांव में शुक्रवार की शाम पारिवारिक रंजिश में दो पक्षों में लाठी, डंडे चले। जमकर पथराव हुआ। दोनों पक्षों से 13 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में क्षेत्र के गांव भटौली निवासी एक पक्ष के मोनू पुत्र इंद्रपाल ने बताया कि वह शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे अपने खेतों की तरफ जा रहा था। तभी दूसरे पक्ष के अमर सिंह, ब्रजेंद्र, दिलीप, अंकित, प्रदीप व विशाल ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर लाठी, डंडों व धारदार हथियार से हमला बोल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मोनू ने बताया कि उसकी चीख पुकार सुनकर चाचा अरविंद, बहन प्रिया, पिता इंद्रपाल, दादी लीलावती व बाबा मोतीलाल माैके पर पहुंच गए, जहां आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की जिससे वह सभी लोग घायल हो गए।
उधर दूसरे पक्ष के अमर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शाम को वह अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी गुलशन उर्फ माेनू, सोनू, अरविंद, रविंद्र, लालू, श्यामू, रामू, अखिलेश, मोतीलाल, इंद्रपाल, किशनलाल, सुनील व परिवार के अन्य लोगों ने आकर उन पर हमला बोल दिया। इस घटना में दूसरे पक्ष के ब्रजेंद्र, पलक, दिलीप, अंकित, नरेंद्र व रामलाल घायल हो गए।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के 19 लोगों पर रिपार्ट दर्ज की गई है। घटना में घायल हुए सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।