फफूंद। क्षेत्र में हल्की बारिश होते ही असेनी से केशमपुर सब स्टेशन आई एचटी लाइन का इंसुलेटर खराब होने से चपटा सब स्टेशन से जुड़े फफूंद कस्बा समेत 400 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। साढ़े चार घंटे बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी।
सोमवार सुबह साढ़े सात बजे फफूंद और आसपास क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश होते ही बिजली चली गई। काफी देर तक बिजली न आने से गर्मी और उमस से परेशान उपभोक्ताओं ने केशमपुर विद्युत स्टेशन फोन किया। तो पता चला कि असेनी से केशमपुर आई एचटी लाइन में फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित हो गई है।
लगभग चार घंटे बाद टीम को चेकिंग के दौरान बिंदपुर गांव के पास एक खंभे पर लगा इंसुलेटर टूटा मिला। साढ़े चार घंटे बाद लगभग 12 बजे बिजली विभाग टीम ने आपूर्ति बहाल की। आपूर्ति बंद रहने से चपटा सब स्टेशन और फफूंद कस्बा सहित 400 गांव के लोग गर्मी उमस से बेहाल रहे। अवर अभियंता ओमवीर सिंह ने बताया कि खराब इंसुलेटर बदल कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
तरई से पुर्वा गंगू के पास खंभा टूटा
फफूंद। थाना क्षेत्र के गांव तरई से पुर्वा गंगू मार्ग पर लगा 11 हजार बिजली पोल में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे पोल खेत में झुक गया। केशमपुर बिजली उप केंद्र के गांव तरई से पुरवा गंगू को जाने वाले मार्ग पर लगे 11 हजार की निकली बिजली लाइन के पोल को रविवार रात किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे पोल झुक कर खेत में लटक गया। सुबह खेत पर गए ग्रामीणों की नजर पड़ने पर बिजली विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी गई। लेकिन कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीण प्रमोद पाल, वीरेंद्र पाल, ज्ञान सिह, परशुराम सिंह, राधे लाल, सुभाष राणा ने खंभे को सही करवाने की मांग की है। इस संबंध में अवर अभियंता ओमवीर सिंह ने बताया की मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो बिजली के खंभे को ठीक कराया जाएगा। (संवाद)