खाकी यूं ही बदनाम नहीं होती उसके कारनामे उसे बदनाम करते हैं। कुछ ऐसा ही मामला रविवार देर शाम बीच बाजार दिखा। शराब पीने के बाद एक सिपाही ने शहर के गौशाला रोड पर जमकर उत्पात मचाया। उत्पात करने के बाद जब उसका मन नहीं भरा उसने एक राहगीर की डंडों से पीट दिया। सिपाही के तांडव देखने के लिए बाजार में मजमा लग गया।
कोतवाली में तैनात एक सिपाही ने शराब पीने के बाद शहर के गौशाला रोड स्थित बाजार में उत्पात मचाया। उसने दुकानदारों को हड़काया। जब उन्होंने विरोध किया तो उसने उन पर धावा बोलने का प्रयास किया। बाजार से गुजर रहे रुदौली निवासी वृद्ध एसके तिवारी को शराबी सिपाही ने पकड़ लिया।
बिना बात उन्हें धमकाते हुए पिटाई कर दी। मामला बढ़ते देख बाजार वालों ने एक राय होकर उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन सिपाही ने एक न सुनी और गाली-गलौज करते हुए आगे की ओर ला गया। मामले में एसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध ने कहा कि फिलहाल मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी कर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।