औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में मुख्य सुभाष चौराहे पर रविवार की देर शाम ड्यूटी पर ऑटो से दिबियापुर जा रहा एक पुलिसकर्मी के साथ दो नशेड़ियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। एक महिला को ऑटो से छोड़ने से मना करने पर शराबियों ने घटना अंजाम दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों शराबियों को हिरासत लेकर पूछताछ कर रही है।
रविवार की देर शाम लगभग 9:30 बजे एक पुलिसकर्मी ऑटो से दिबियापुर जा रहा था। इसी बीच वहां एक महिला को लेकर दो नशेड़ी पहुंचे। बताया जाता है कि जहां दोनों नशेड़ियों ने ऑटो चालक से पुलिसकर्मी को उतार कर महिला को कहीं छोड़ने जाने को कहा। इस बात को लेकर पुलिस कर्मी ने ड्यूटी पर जाने की बात कहते हुए ऑटो चालक से चलने का इशारा किया। बात ना मानते देख नशेड़ियों ने आक्रोश में आकर ऑटो सवार पुलिस कर्मी से पहले तो गाली-गलौज की।
सूत्रों के अनुसार इस पर जब पुलिसकर्मी ने विरोध किया तो नशेड़ियों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस कर्मी के साथ मारपीट होते थे वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने फोन से कोतवाली को सूचना कर दी। जानकारी मिलते ही कोतवाल समिति काफी संख्या में पुलिसकर्मी सुभाष चौक पहुंच गए। जहां उन्होंने मौके से दोनों नशेड़ियों को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद पुलिस दोनों नशेड़ियों को अपने साथ कोतवाली ले गई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि दो नशेड़ियों ने एक पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की। दोनों नशेड़ियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है।