बेला (औरैया)। थाना क्षेत्र के पुरवा सुजान गांव में रविवार को पिकअप की टक्कर से मासूम बच्ची की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही पुलिस को पिकअप चालक की तलाश थी।
पुलिस ने सोमवार को जालौन से चालक निजाम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मासूम का शव गांव पहुंचा तो परिजन बिलख पड़े।
गांव सुजान निवासी नौशाद मंसूरी की छह वर्षीय बेटी अनाया घर के बाहर खेलते समय पिकअप की चपेट में आ गई थी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। जैसे ही मासूम का शव गांव पहुंचा, मां नसरीन और भाई-बहन शव से लिपटकर बिलखने लगे। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
उधर, हादसे के बाद थाना पुलिस ने सहार के पुरवा रावत से पिकअप को कब्जे में ले लिया था। वहीं घटना के बाद भागे जालौन स्थित थाना काेंच क्षेत्र के गांव आराजीलैन निवासी निजाम को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि मासूम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है।