दिबियापुर। रेलवे लाइन के किनारे डेडीकेटेड फ्रंट कॉरिडोर का आधा अधूरा नाला कस्बे के दो मोहल्लों के लिए मुसीबत बना है।
लोहियानगर में अधूरे नाले को 10 बरस हो चुके हैं, लेकिन नाला अभी तक बनकर तैयार नहीं हो सका है। इससे जलनिकास अवरुद्ध है। इससे लोगों को परेशानी होती है।
कुछ साल पहले तक कस्बे के शास्त्री नगर, लोहिया नगर एवं इंदिरा नगर आदि वार्डों के करीब तीन हजार घरों की जलनिकासी रेलवे लाइन के किनारे होते हुए नगर से बाहर होती थी। वर्ष 2016 में रेलवे ने लाइन किनारे रेल फ्रंट कॉरिडोर का निर्माण करा दिया। इससे इन मोहल्लों की जलनिकासी ठप हो गई।
स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों की मांग पर डेडीकेटेड फ्रंट कॉरिडोर ने नाला निर्माण शुरू कराया, लेकिन इसे पूरा करने के बजाए बीच में अधूरा ही छोड़ दिया है। इससे घरों का गंदा पानी आसपास भरा रहने से संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। बरसात के दिनों में जलनिकासी की समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने बताया कि रेलवे के स्थानीय अधिकारी को कुछ आपत्तियां हैं। वार्ता में रेलवे के उच्च अधिकारियों ने निरीक्षण करने को कहा है। नाला निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव जा चुका है।