कैसरगंज के रेवलिया गांव में बारात के लिए रखा दहेज का सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बनारसीदास मोहल्ला में शुक्रवार दोपहर एक घर में नवविवाहिता का शव पंखे से झूलता मिला था। घर के लोग दरवाजे में बाहर से कुंडी लगाकर भाग गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में फफूंद थाना के खजुहा गांव में रहने वाले शिवराज सिंह पुत्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटी प्रियंका की शादी 22 अप्रैल 2016 को बनारसी दास मोहल्ला निवासी अतुल सेंगर के साथ की थी। सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था। ससुरालीजन दहेज में बाइक व 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। दहेज देने में असमर्थता जताने पर बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। इस पर वह बेटी को मायके ले आए।
26 जनवरी को पति अतुल व देवर मदन सिंह उसे विदा करा ले गए। शुक्रवार को बेटी को मारकर पंखे से लटका दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति अतुल, देवर मदन सिंह, ससुर जय सिंह व सास राजाबेटी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ससुरालीजन घर से फरार हैं। कोतवाल सुधाकर मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।