आजादी के बाद से अंधेरे में जी रहे भाग्यनगर ब्लाक की ग्राम पंचायत सिंगलामऊ के ग्राम धर्मपुर निवासियों ने ककोर मुख्यालय पर डीएम को बड़े ही अनूठे ढंग से ज्ञापन देकर अपनी मांग रखी। ज्ञापन से पूर्व गुलाब के फूलों की माला से लदी जिलाधिकारी ने स्वागत से अभिभूत होकर ग्रामीणों को समस्या निदान का आश्वासन दिया।
गुरुवार को ग्राम सिंगलामऊ के ग्रामीणों ने डीएम माला श्रीवास्तव को गांव को बिजली से रोशन करने को अब तक के इतिहास में पहली बार एक अनूठा ही तरीका अख्तियार किया।
ज्ञापन से पूर्व पांच दर्जन ग्रामीणों ने पहले डीएम को गुलाब की मालाएं पहनाई। बाद इसके ज्ञापन की प्रति सौंपी, जिसमें ग्रामीणों ने आजादी के बाद से अब तक अंधेरे में जीवनयापन करने की दास्तां सुनाते हुए इससे निजात दिलाने को गांव में बिजली उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में डीएम को दिए ज्ञापन के बाद गांव में बिजली पहुंचाने को नाप जोख करने के साथ ही खंभे तो पहुंचा दिए गए, लेकिन आज तक विद्युतीकरण नहीं हो सका है। कहा कि यदि उनकी एक नजर और पड़ जाए तो गांव बिजली की रोशनी से चकाचौंध हो जाएगा।
ग्रामीणों द्वारा एक साथ कई मालाएं पहनाए जाने से डीएम माला श्रीवास्तव का दिल पसीज गया। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द से जल्द गांव में विद्युतीकरण कराए जाने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में सोशल वेलफेयर कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी, सुनील कुमार, शिव कुमार, बांकेलाल, गुरुवचन, सुरेश चंद्र, रामअवतार, माता प्रसाद, रामकृष्ण, राजेंद्र, महेश चंद्र, रमेश पाल, बाबा सत्य प्रकाश, इकबाल मेव आदि लोग मौजूद रहे।