बिधूना। भूमिहीन हूं साहब, रोजी- राेटी के लाले हैं। राशन कार्ड बनवाने के लिए तहसील व ब्लॉक के चक्कर काट कर थक गए हैं, लेकिन राशन कार्ड नही बन रहा है।
सोमवार को यह गुहार बिधूना ब्लॉक के मढ़ा गांव निवासी वृद्धा राजेश्री व उनके बेटे परशुराम ने जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान तहसील दिवस पर डीएम से लगाई। डीएम ने संबंधित अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील सभागार में आयोजित जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने की। बिधूना के अनिल चौहान ने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि कस्बे में प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीबों की जगह अपात्रों को आवास दिए जा रहे हैं। सर्वे करने वाली टीमों ने अपात्रों को पात्र बना दिया है। जांच कराई जाए तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।
तहसील दिवस में औचक निरीक्षण पर पहुंचीं राज्यसभा सांसद गीता शाक्य व भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने भी लोगों की शिकायतों को सुना। कहा कि निष्पक्ष शिकायतों का निस्तारण हो।
गपचारियापुर रुरुखुर्द निवासी पूजा देवी ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि जमीन की पैमाइश करा कर अवैध कब्जा हटवाया जाए। आरोप लगाया कि लेखपाल ने काम करने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की है। उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
इसी तरह नगला मनधवन निवासी सोनेश्री ने कहा कि पांच बार शिकायत के बावजूद लेखपाल प्लॉट पर कब्जा नही दिला रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुना। इसके बाद संबंधित थानाध्यक्षों को मामलों का संज्ञान लेकर निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में आईं 222 में 24 शिकायतें निपटाई गईं। सीएमओ डॉ. सुरेंद्र, एसडीएम बिधूना गरिमा सोनाकिया, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश सिंह, तहसीलदार बिधूना जितेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी पी. पुनीत सिंह, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा मौजूद रहीं।