फोटो21एयूआरपी 28- डीएम आवास के बाहर घेराव करने पहुंचे कांशीराम कालोनी के लोगों को समझाती महिला पुलि
- फोटो : AURAIYA
औरैया। शहर की कांशीराम कालोनी के बकायेदारों ने बिजली आपूर्ति शुरू किए जाने की मांग को लेकर डीएम आवास का घेराव किया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। बकाया बिल जमा कराने की सलाह देकर अफसरों ने भीड़ को लौटा दिया। बकायेदारों की 10 दिन पहले विद्युत विभाग ने बिजली काट दी थी।
एसपी आवास के पास स्थित कांशीराम कालोनी के काफी लोगों का अर्से से लाखों रुपये का बिजली का बिल बकाया है। विद्युत विभाग के तमाम प्रयास के भी बकायेदारों ने बिल नहीं जमा किया। इस पर विभाग ने 10 दिन पहले बकायेदारों की घरों के बिजली कनेक्शन काट दिए थे। तब से वहां अंधेरा छाया हुआ है। इससे परेशान कालोनी के लोग बिजली आपूर्ति शुरू कराए जाने की मांग को लेकर मंगलवार की शाम डीएम आवास पहुंचे। भीड़ ने डीएम आवास का घेराव कर नारेबाजी की। इस दौरान आक्रोशित महिलाओं ने बिजली विभाग की तरफ से जारी लाखों रुपये के बिल यह कहकर जमा करने में असमर्थता जताई कि वह लोग रोज के कमाने और खाने वाले हैं। ऐसे में लाखों रुपये के बकाया बिल को वह अदा नहीं कर सकते हैं।
महिलाओं का कहना है कि सरकार किसानों का बिजली का बिल माफ कर सकती है, तो उन लोगों का बिल क्यों नहीं माफ किया जा रहा है। डीएम आवास के घेराव की जानकारी पाकर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे और महिला थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों ने आक्रोशित लोगों को समझाते हुए कहा कि बकाया बिल जमा करने की बाद ही उन लोगों की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकती है। इसलिए सभी बकायेदार बिजली का बकाया बिल जमा करें। इसके बाद समस्या का समाधान न होते देख कालोनी के लोग अपने घरों को लौट गए।