औरैया। जिला पंचायत में टेंडरिंग प्रक्रिया में शामिल फर्म को ब्लैकलिस्ट किए जाने का मामला अब सीएम योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया है।
इटावा की फर्म नमो कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर के संचालक रिषी परिहार की ओर से की गई शिकायत में अपर मुख्य अधिकारी पर चहेते ठेकेदारों को टेंडर देने का आरोप लगाया है। उन्होंने जांच कर टेंडरिंग प्रक्रिया में शामिल कराने की मांग की है।
विकास कार्यों की टेंडरिंग प्रक्रिया के दौरान नवंबर 2025 में जिला पंचायत द्वारा नमो कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था। उन्हें प्रक्रिया से बाहर करते हुए उनके रिश्तेदार और मित्रों को भी टेंडर में प्रतिभाग करने से प्रतिबंधित कर दिया गया था। इसके विरुद्ध फर्म संचालक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई के बाद जिला पंचायत ने फर्म को ब्लैकलिस्ट करने का आदेश वापस ले लिया।
इस पूरे घटनाक्रम में करीब तीन माह का समय बीत गया। इस बीच जिन विकास कार्यों के लिए टेंडरिंग प्रक्रिया चल रही थी, वह शुरू भी हो गए। अब फर्म संचालक रिषी परिहार ने सीएम से मामले की शिकायत की है। यह शिकायत उन्होंने पत्र भेजने के साथ-साथ ऑनलाइन भी की है। इसमें उन्होंने हाईकोर्ट के आदेशों का भी जिक्र किया है।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुभाष चंद्र भारतीय पर चहेते ठेकेदारों को टेंडर देने के लिए उन्हें ब्लैकलिस्ट किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने मांग की है कि जांच कर उन्हें टेंडर प्रक्रिया में शामिल कराया जाए। शिकायत के बाद जिला पंचायत में खलबली मची है।
-
टेंडर हुआ निरस्त तो बढ़ेंगीं मुश्किलें
नमो कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स को टेंडर प्रक्रिया में शामिल करने की मांग से जिला पंचायत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, इसके लिए पूर्व में की गई टेंडरिंग प्रक्रिया निरस्त कर दोबारा प्रक्रिया करानी होगी। इससे जो कार्य शुरू हो गए हैं, उनका भुगतान फर्मों को कैसे हो सकेगा। साथ ही जो फर्में काम करा रहीं हैं वह भी इसके लिए राजी नहीं होंगी।
-
जिला पंचायत के निर्णय केवल मेरे नहीं : अपर मुख्य अधिकारी
मामले में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुभाष चंद्र भारतीय ने बताया कि उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं। जिला पंचायत का कोई भी निर्णय केवल उनका नहीं होता। इसके लिए एक पूरी कमेटी बनी है। कहीं भी उनके द्वारा कोई गड़बड़ी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि फर्म संचालक द्वारा आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं, यह तो वही बता सकते हैं।