औरैया। बारिश के बाद धूप निकलने से उमस बढ़ी है। इससे सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बुधवार को शहर स्थित जिला अस्पताल की ओपीडी में 450 मरीज पहुंचे। इसमें 12 मरीजों की हालत गंभीर होने पर भर्ती कर इलाज किया गया।
50 शैया जिला अस्पताल की ओपीडी में बुधवार को चेस्ट फिजीशियन डॉ. अवधेश कटियार ने मरीजों को परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते वायरल फीवर के मरीज बढ़े हैं। उन्होंने 150 से ज्यादा मरीज देखे हैं। जिसमें 50-60 मरीजों में वायरल फीवर की समस्या पाई गई। इसके अलावा डॉ. सुनीता सागर, डॉ. रीवा वर्मा, फिजियोथेरेपिस्ट टीपी मिश्रा, मुख्य नेत्र परीक्षण अधिकारी नरेश राजपूत ने भी मरीजों को देखा।
टेलीमेडिसिन के डॉ. सचिन वर्मा व प्रियांशी कटियार ने ऑनलाइन मरीजों को देखा और परामर्श दिया। जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. मंजू सचान ने बताया कि मौसम में तब्दीली के साथ ही मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। वायरल बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। साफ-सफाई व अन्य जरूरी सावधानी बरतने के लिए भी कहा जा रहा है।