औरैया। बीएसएनएल संचार सेवा की अंडरग्राउंड ओएफसी केबल कट जाने से मंगलवार दोपहर बाद से संचार सेवा पूरी तरह से धड़ाम हो गई। जो देर शाम तक बहाल न हो सकी। हालांकि जानकारी होने के बाद टेलीफोन कर्मी देर रात तक संचार सेवा बहाल करने को जुटे रहे। वहीं टीडीएम ने केबल कटने को लेकर संबंधित कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए एसडीओ को निर्देश दे दिए हैं।
मंगलवार को जिले में कई स्थानों पर अंडर ग्राउंड पड़ी बीएसएनएल संचार सेवा की ओएफसी केबल कट गई। जिससे देर शाम तक संचार सेवा पूरी तरह से ठप रही। दोपहर लगभग तीन बजे से ठप हुई संचार सेवा के बारे में टीडीएम एके गुप्ता ने बताया कि रिलाइंस जियो कंपनी की ओर से चल रही खुदाई के कारण मुरादगंज-अजीतमल के बीच तीन जगहों पर अंडर ग्राउंड केबल कट गई है।
वहीं दिबियापुर-ककोर के बीच स्टेट हाईवे के चल रहे काम के कारण एक स्थान पर ओएफसी केबल कटी है। इसके साथ ही भर्थना ऊसराहार के बीच केबल कट जाने के कारण संचार सेवा बाधित हुई है। उन्होंने बताया कि केबल कटने की जानकारी होने के बाद सभी स्थानों के लिए इंजीनियरों की टीमों को रवाना कर दिया गया है। जल्द ही संचार सेवा बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं केबल काटने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराए जाने के लिए एसडीओ औरैया को निर्देश दे दिए गए हैं।