फफूंद। दिबियापुर मार्ग पर गांव भाग्यनगर के पास बुधवार सुबह वाहन ने साइकिल सवार दिव्यांग किसान को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन सीएचसी दिबियापुर ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे से परिजन में चीख-पुकार मच गई।
थानाक्षेत्र के गांव बिलराई निवासी दिव्यांग राजेंद्र कुमार (42) किसान थे। वह तड़के साइकिल से खेत पर गए थे। सुबह करीब आठ बजे घर लाैटते समय भाग्यनगर गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी जिससे राजेंद्र सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और परिजन पहुंचे।
घायल किसान को एंबुलेंस से दिबियापुर सीएचसी ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। राजेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटे थे।वह एक पैर से दिव्यांग भी थे। परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि वाहन की तलाश के लिए सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजन की तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया गया।