अभियान...फोटो-43-बस के फर्स्टएड बॉक्स में रखी गंदी पट्टी और दवा के पैकेट पर जमी धूल। संवाद
औरैया। रोडवेज की बसों में फर्स्टएड बॉक्स आपात स्थिति में यात्री को उपचार देने के लिए रखा जाता है लेकिन औरैया डिपो की बसों में यह फर्स्टएड बॉक्स उपचार के बजाय आपको बीमार कर सकता है। वहीं कई बसों में तो फर्स्टएड बॉक्स के नाम पर चालक और परिचालक मुंह छिपा लेते हैं।
शनिवार को बस स्टैंड पर खड़ी औरैया डिपो की एक बस में फर्स्टएड बॉक्स लगा मिला। जब इस बॉक्स को चालक को खोलकर दिखाने के लिए कहा तो चौंकाने वाली हकीकत सामने आई। इसमें रखी पट्टी में इतनी धूल भरी थी कि किसी को चोट लगाने के दौरान उसका प्रयोग करना भारी पड़ सकता है।
वहीं इसमें रखी किट भी काफी पुरानी थी। पैकेट पर लगी बस कंपनी की मुहर इसकी गवाही दे रही थी। चालक व परिचालक से जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने दावा किया यह किट कुछ दिन पहले ही रखी गई है। लेकिन हकीकत सबके सामने है। किट पर कोई एक्यपायरी तिथि नहीं लिखी थी।
वहीं एआरएम अपर्णा मीनाक्षी का दावा है कि कुछ दिन पहले ही सभी बस चालकों को फर्स्टएड बॉक्स किट दी गई थी लेकिन यह किट कहां चली गई, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
-
कई बसों में फर्स्टएड बॉक्स का पता ही नहीं
रोडवेज की बसों में चालक की सीट के पीछे ही फर्स्टएड बॉक्स लगाने के लिए स्थान चिह्नित है। लेकिन बस स्टैंड पर खड़ी औरैया डिपो की बसों में यह स्थान खाली ही नजर आया। एक बस में फर्स्टएड बॉक्स का स्थान खाली पड़ा था। चालक ने बताया कि उन्हें कोई फर्स्टएड बॉक्स नहीं दिया गया है। कुछ ऐसा ही हाल अन्य बसों का भी नजर आया।
अभियान...फोटो-43-बस के फर्स्टएड बॉक्स में रखी गंदी पट्टी और दवा के पैकेट पर जमी धूल। संवाद