पैदल मार्च निकालने से पहले बैठक करते डिप्लोमा इंजीनियर।
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेड पे समेत अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे डिप्लोमा इंजीनियरों ने गुरुवार को 10वें दिन भी हड़ताल जारी रखी। इंजीनियरों के एक प्रतिनिधि मंडल ने डीएम से भेंटकर मांगें पूरी न होने तक काम न करने का एलान किया। बैठक के बाद इन्होंने जिला मुख्यालय से ककोर तक पैदल रैली निकाली। इस दौरान इंजीनियरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
उत्तर प्रदेश इंजीनियर्स महासंघ के बैनर तले जारी डिप्लोमा इंजीनियरों की हड़ताल 10वें दिन हंगामेदार रही। डिप्लोमा इंजीनियरों ने जिला मुख्यालय के बाहर तिरंगा स्टेडियम में एकत्रित होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। डिप्लोमा इंजीनियराें के एक प्रतिनिधि मंडल ने डीएम से मुलाकात की। इन्होंने कहा कि वह हड़ताल के चलते मतदाता पुनरीक्षण अभियान की जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे। विकास कार्यों को पूरा कराने में भी सहयोग नहीं करेंगे। बैठक के बाद डिप्लोमा इंजीनियरों ने जिला मुख्यालय से विकास भवन और वहां से ग्राम ककोर बुजुर्ग तक पैदल रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान डिप्लोमा इंजीनियरों ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होती हैं तो वह हड़ताल को उग्र करेंगे।
पैदल रैली से पहले इंजीनियर ललित वर्मा ने कहा कि शीघ्र मांगों के पूरा न होने पर जिले के विकास को प्रभावी ढंग से अवरुद्घ कर दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष केेएम अग्निहोत्री और संचालन संदीप कुमार मौर्या ने किया। इस दौरान सर्वेश यादव, जयसिंह यादव, डीके द्विवेदी, धीरेंद्र दुबे, कृष्णकांत यादव, वीरेंद्र दुबे, हरीशंकर पटेल, दिलीप कुमार चौहान, दिनेश कुमार, सीके सचान, सीपी चौधरी, पीपी सिंह आदि मौजूद रहे।