औरैया। हाइड्रा चालक दिलीप की हत्या से जुड़े दो शूटरों से गुरुवार रात को पुलिस की शाहपुर बंबा के पास मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस ने दिलीप की पत्नी प्रगति के प्रेमी अनुराग के मौसेरे भाई श्यामू उर्फ दुर्लभ यादव व शिवम को पकड़ा है।
पुलिस की पूछताछ में श्यामू ने तमंचे की बट से मारपीट की थी। इसके बाद दिलीप को गोली मारने की बात कुबूल की है। पुलिस ने उपचार करवाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेजा है। पुलिस अधीक्षक ने शूटरों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
दिलीप हत्याकांड में शामिल शूटरों के आने की जानकारी पर गुरुवार रात को सहार थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा स्वाट टीम के साथ शाहपुर बंबा के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। देर रात को वहां से गुजर रहे दो युवक पुलिस को देख बाइक मोड़कर भागने लगे।
पीछा करने पर बाइक सवार युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों युवकों के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस दोनों घायलों को सीएचसी सहार ले गई।
वहां से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया गया। पूछताछ में दोनों शूटर ने अपने नाम चमरौआ निवासी दुर्लभ उर्फ पिंटू उर्फ श्यामू यादव व शिवम यादव बताए।
दुर्लभ ने पुलिस को बताया कि मौसेरे भाई अनुराग व उसकी प्रेमिका प्रगति ने उसको दो लाख रुपये में दिलीप की हत्या करने का ऑफर दिया था। रुपयों के लालच में आकर उसने अपने चचेरे भाई शिवम और दोस्त रामजी नागर के साथ हत्या करने की सुपारी ले ली।
अनुराग ने दिलीप की पहचान करवा दी। इसके बाद उन्होंने एक बाइक को घटना को अंजाम देने के लिए सुनियोजित स्थान पर छिपा दिया था। इसके बाद दूसरी बाइक पर तीनों लोग दिलीप के पास पहुंचे और खेत में पोल लगवाने का झांसा देकर उसे साथ ले गए।
पलिया गांव स्थित पटना नहर पुल के पास गेहूं के खेत में पहुंचने पर उन्होंने दिलीप पर तमंचों की बट से हमला कर दिया। दिलीप के हाथापाई करने पर उसने दिलीप के सिर के पिछले हिस्से में गोली मार दी। दिलीप के खेत में गिरने पर वह लोग उसे मरा समझ कर बाइक लेकर भाग निकले।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने बताया कि दिलीप की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 10 चोट मिलीं थीं। उसके सिर के पिछले हिस्से में गोली लगी थी और तमंचे की बट से मारपीट में सिर की हड्डी भी टूट गई थी। पकड़े गए दोनों घायल शूटरों को उपचार के बाद जेल भेजा गया है। मामले में अन्य लोगों के संलिप्त होने की भी जांच की जा रही है।