फोटो -40- विजेता टीम के कप्तान को शील्ड देते पूर्व कैबिनेट मंत्री अशोक दोहरे। स्रोत:आयोजक
अटसू। क्षेत्र के ग्राम रमपुरा हैदरपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हो गया। फाइनल मैच दिबियापुर और रमपुरा की टीमों के बीच खेला गया। इसमें दिबियापुर की टीम आठ विकेट से मैच जीत लिया।
प्रतियोगिता में जनपद की 32 टीमों ने हिस्सा लिया था। दिबियापुर के कप्तान टीटू एवं रमपुरा के कप्तान विकास के बीच टॉस हुआ। रमपुरा टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया लेकिन दिबियापुर के गेंदबाजों के सामने पूरी टीम 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिबियापुर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र दो विकेट खोकर 70 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के साथ दिबियापुर टीम टूर्नामेंट की विजेता बनी।
मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का मनोरंजन किया। दिबियापुर के खिलाड़ी भोले को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। टूर्नामेंट के आयोजक एवं क्लब अध्यक्ष विकास गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 11 मई से लगातार किया जा रहा था। विजेता टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार व विजयी ट्राॅफी तथा उपविजेता टीम को 6100 रुपये का पुरस्कार पूर्व कैबिनेट मंत्री अशोक दोहरे ने दिया।
टूर्नामेंट की व्यवस्थाओं में दिलीप कुमार सॉनी, मनोज, हल्लू, दीपू, गोलू, अश्विनी, क्लब उपाध्यक्ष प्रताप सिंह एवं करण चौधरी ने सक्रिय सहयोग किया। मैच में कमेंट्री की जिम्मेदारी दिलीप कुमार ने निभाई जबकि अंपायर की भूमिका मनोज कुमार और करण चौधरी ने संभाली।