दिबियापुर (औरैया)। गांवों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए सिंचाई विभाग ने अब औरैया दिबियापुर मार्ग पर बने नाले की सफाई शुरू कराई है। इससे पहले पांच दिन तक फफूंद दिबियापुर मार्ग पर नाला खोदाई का काम किया था, लेकिन पानी निकासी नहीं हो सकी थी।
पिछले कई वर्षों से घेरा, केंझरी, जमुहां समेत छह गांवों में जलनिकासी न होने के कारण सैकड़ों बीघा जमीन पर खेती नहीं हो पा रही है। हाल ही में सभी गांव के लोगों ने विरोध कर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की थी। इस पर वन विभाग के कार्यालय से लेकर एनटीपीसी आवासीय परिसर के बाहर होते हुए नाला खोदाई शुरू की गई।
मंगलवार तक प्रयास किए गए, लेकिन समस्या हल न हो सकी। इससे ग्रामीण मायूस थे। गुरुवार को एक बार फिर से सिंचाईं विभाग के अधिकारियों ने औरैया दिबियापुर मार्ग पर ककराही पुलिया से लेकर सेहुद बंबे तक बने नाले में अवरोधों को जेसीबी से तोड़ना शुरू कराया। साथ ही नाले की सफाई कराई गई। सिंचाईं विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुछ स्थानों पर नाले पर कब्जे भी हैं, जिन्हें लोगों ने स्वयं हटा लेने की बात कही है। अवरोध हटते ही नाले की साफ-सफाई कराकर पानी निकासी की व्यवस्था शुरू की जाएगी।