फोटो-12- मेडिकल कॉलेज के वार्ड में भर्ती मरीज। स्रोत:कर्मी
औरैया। भीषण गर्मी व तेज धूप का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। मेडिकल कॉलेज चिचौली में डायरिया व पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
शनिवार को अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में करीब 300 मरीज गर्मी की चपेट में आने वाले पहुंचे। गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती कराते हुए उपचार किया गया।
मेडिकल कॉलेज में पिछले एक सप्ताह से अधिकतर मरीज उल्टी, दस्त, पेट दर्द, बुखार और डिहाइड्रेशन की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इन मरीजों में एक जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। डॉ. अपर्णा शंखवार ने बताया कि गर्मी में दूषित पानी और बाहर का खाना खाने से डायरिया के मामले बढ़ रहे हैं। लोगों को साफ पानी पीने और ताजा भोजन करने की सलाह दी जा रही है।
अस्पताल में मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। खास तौर पर ओआरएस घोल का सेवन करने की जरूरत है। पर्याप्त पानी के सेवन की भी जरूरत है। इसमें जरा सी लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी है। रोजाना 30-40 मरीजों को वार्ड में भर्ती कराते हुए उपचार किया जा रहा है।
डायरिया के आ रहे मरीजों को वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है। यहां पर कूलर लगाए गए हैं। सभी जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। मरीज को आराम मिलने के बाद ही छुट्टी दी जा रही है।
डॉ. पवन कुमार शर्मा, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज
-