बिधूना। नगर के भगत सिंह चौराहे पर घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने के विवाद में वकील और दीवान भिड़ गए। दीवान कार को कोतवाली ले जाने पर अड़ गए। इसका वीडियो वायरल होने से शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि तीन दिन पुराना वीडियो है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
नगर के भगत सिंह चौराहे पर अधिवक्ता कुलदीप शर्मा का मकान है। वह गांव से कार से दूध देने आए थे। कार मकान के बाहर सड़क के किनारे खड़ी कर दी। उसी दौरान भगत सिंह चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल ने तत्काल कार हटाने को कहा। अधिवक्ता के ये कहने पर कि पांच मिनट में हटा रहे हैं, हेडकांस्टेबल ने आपा खो दिया। वह बहस करने लगा। साथ ही कार को कोतवाली ले जाने पर अड़ गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने समझाकर मामला शांत किया। इससे पहले भी कई बार भगत सिंह चौराहे पर विवाद हो चुका है। सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर तीन दिन पुराना वीडियो वायरल हुआ है। अधिवक्ता व पुलिस कर्मी के बीच कार खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।