औरैया। रोडवेज की बसों में नियमित सफर न कर पाने वाले एमएसटी और स्मार्ट कार्ड धारकों को उनका पैसा वापस किया जाएगा। विभाग ने महीनों तक सफर न करने वाले यात्रियों की मांग पर यह निर्णय लिया है।
रोडवेज की बसों में नियमित सफर करने वालों ने स्मार्ट कार्ड या एमएसटी बनवा रखी हैं। कोरोना काल व अन्य कारणों से लोगों ने यात्रा नहीं की। इन लोगों ने विभाग से किराया वापस देने की मांग भी उठाई।
डिपो के कार्यालय सहायक आरएन दुबे ने बताया कि फिलहाल 53 एमएसटी और स्मार्ट कार्ड धारकों के रुपये लौटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मार्च 2020 में शासनादेश के बाद एमएसटी और स्मार्ट कार्ड धारकों के भुगतान की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें 53 एमएसटी और स्मार्ट कार्ड धारकों के भुगतान के संबंध में आरएम इटावा को पत्र लिखा गया था।
कोरोना संक्रमण के चलते भुगतान में देरी हुई है। हाल ही मिले शासनादेश के बाद इस प्रक्रिया को दोबारा संज्ञान में लिया गया है। जल्द ही इन सभी का भुगतान किया जाएगा। आरएम आरएस चौधरी ने बताया कि एमएसटी और स्मार्ट कार्ड धारकों के भुगतान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। (संवाद)