फफूंद। कस्बे के साथ ही आसपास के गांवों से जुड़ी बिजली लाइनों में आपूर्ति एक ही फीडर से हो रही है। इससे अक्सर गांव की लाइनों में फॉल्ट होने से कस्बा की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
कस्बावासियों ने बिजली विभाग को पत्र लिखकर फफूंद कस्बे से जुड़ी गांवों की बिजली लाइन को अलग करने की मांग की।
केशमपुर बिजली सब स्टेशन से 250 से अधिक गांवों व फीडरों को बिजली की आपूर्ति की जाती है। जिसमें से एक फीडर से फफूंद कस्बे में बिजली दी जा रही है।
कस्बा निवासी बिजली उपभोक्ता अजय राठौर, गुड्डन दीक्षित, रामसिंह, कामिल, रमेश चंद्र, सुनील आदि ने बताया कि कई वर्ष से बड़ी आबादी वाले गांव करही, जैतपुर व साहबनगर में बिजली आपूर्ति कस्बा के फीडर से ही हो रही है। हल्की बारिश या हवा चलते ही गांव की लाइन में अक्सर फॉल्ट होते है। इससे कस्बे की आपूर्ति भी ठप हो जाती है।
देहात की लाइन काटने के बाद ही कस्बे की आपूर्ति चालू हो पाती है। इसक वजह से लोगों को गर्मी व पानी आदि समस्याओं से जूझना पड़ता है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर देहात क्षेत्र को अलग फीडर से जोड़े जाने की मांग की है।