दिबियापुर/कंचौसी। दिबियापुर के कैंजरी गांव व कंचौसी के नौगवां व बिहारीपुर फीडर की बिजली इन दिनों गुल है। यहां पर पिछले दो दिन पहले आई आंधी से बिजली गुल हो गई थी।
इसे अभी तक बहाल नहीं किया जा सका। इससे ग्रामवासी गर्मी से परेशान हैं। मोटर न चलने से लोगों को हैंडपंपों से पानी भरकर घर तक ले जाना पड़ रहा है।
कैंजरी के निवासी आशीष तिवारी, दिनेश कुमार मिश्रा, सोनू, दीपक तिवारी आदि ने बताया कि आंधी आने से कुछ बिजली के पोल टूट गए हैं और ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ गई। इससे दो दिनों से गांव में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है।
मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। अवर अभियंता संजय यादव ने बताया कि लाइनमैन भेजकर जांच कराई जाएगी और उसका समाधान कराया जाएगा।
वहीं, कंचौसी समेत ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार शाम तेज आंधी और बारिश के चलते पोल गिरने व तार टूटने से असेनी पावर हाउस से जुड़े नौगवा फीडर और बिहारीपुर फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आपूर्ति बहाल न होने पर लोग पानी के लिए तरस गए और हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा।
आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के करीब 30 गांवों में अंधेरा छाया है। हालांकि आपूर्ति बहाल करने के लिए लाइनमैन फाल्ट ठीक कर रहे हैं, लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई।
बिहारीपुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति सोमवार सुबह बहाल हो सकी लेकिन थोड़ी देर के बाद ठप हो गई। जेई वीरेंद्र कुमार ने बताया कि आंधी व बारिश के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। आपूर्ति बहाल करने के लिए लाइनमैन लगे हुए हैं।