औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर स्थित कंचौसी रेलवे स्टेशन पर रेलवे आरक्षण काउंटर न होना लोगों के लिए बड़ी परेशानी है। इसके लिए क्षेत्र के लोगों ने रेलवे विभाग से स्टेशन पर आरक्षण टिकट काउंटर खुलवाने की मांग की है।
क्षेत्र के मोनू चौहान, दीपक गौर, लारा गुप्ता, नंदू शर्मा आदि लोगों ने बताया कि दो साल से ऊंचाहार एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस का ठहराव रेलवे स्टेशन पर होता है। जिससे क्षेत्र के व्यापारी व आसपास इलाकों के लोग दिल्ली, कानपुर व बनारस, लखनऊ, चंडीगढ़, अयोध्या धाम, जौनपुर की यात्रा पूरी करते हैं। उन्हें टिकट आरक्षित कराने के लिए काफी परेशानियों के साथ समय की बर्बादी करनी पड़ती है।
रेलवे स्टेशन पर रेलवे टिकट आरक्षण काउंटर न होने के कारण फफूंद, इटावा, झींझक रेलवे स्टेशन पर जाना पड़ता है। बताया कि अगर रेलवे की ओर से आरक्षण काउंटर खोल दिया जाए तो रेलवे की कमाई के साथ स्थानीय लोगों को काफी हद तक सहूलियत मिलेगी।
स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया रेलवे स्टेशन पर महज नार्मल यूटीएस और साधारण टिकट की व्यवस्था है। यहां ठहरने वाली ट्रेन आने के आधे घंटे पहले ही टिकट काउंटर खोला जाता है।