औरैया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश वाजपेई के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंगलवार को पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें शहर की सड़कों का नामकरण प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों और शिक्षाविदों के नाम पर करने का प्रस्ताव रखा।
मांग पत्र में शहर के उन विशिष्ट व्यक्तियों के नाम सुझाए गए हैं, जिन्होंने शहर के विकास व समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। व्यापार मंडल का मानना है कि इन मार्गों का नामकरण इन हस्तियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे आने वाली पीढ़ियों को उन लोगों के योगदान की जानकारी मिलेगी।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अधिवक्ता संघ के 11 बार अध्यक्ष रहे दिवंगत सुरेंद्र शुक्ला, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत अंबिका प्रसाद चतुर्वेदी, गोपाल इंटर कॉलेज के संस्थापक व शिक्षाविद दिवंगत बेनी माधव गुप्ता इसमें शामिल हैं। इनके अलावा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष, तिलक महाविद्यालय व तिलक इंटर कॉलेज के संस्थापक सदस्य दिवंगत कृष्ण चंद्र भार्गव और बाबू सूरज नारायण अग्रवाल के नाम प्रस्तावित किए हैं।
उन्होंने कहा कि इनके योगदान को जीवंत बनाए रखने को इनके नाम पर सड़कों का नामकरण होना जरूरी हो गया है। इस प्रस्ताव पर पालिकाध्यक्ष ने विचार करने और दिए गए नामों पर मार्गों का नाम रखने की बात कही। इस अवसर पर स्वतंत्र अग्रवाल, रवि शंकर शुक्ला, सतीश वर्मा, अमर विश्नोई, भानू राजपूत, रामू गुप्ता, आरती नंदन तिवारी, मयंक शुक्ला, आकाश गुप्ता, रमाकांत मिश्रा, अभय गुप्ता, नरेश पुरवार व मुन्ना गहोई सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।