अजीतमल (औरैया)। गोहानी कलां गांव में प्रधान के घर पर हमला व मारपीट के मामले में मचा बवाल थम नहीं रहा। अब पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य के समर्थकों के साथ प्रधान के घर पहुंचने से मामला बढ़ गया।
उधर, परशुराम मोर्चा व प्रधान ने विरोध जताते हुए एसपी से मुलाकात की। साथ ही आयोग के सदस्य समेत 105 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग रखी।
गोहानी कलां के प्रधान के साथ मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन शनिवार रात 10 बजे पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य ऋचा राजपूत अपने साथियों की भीड़ के साथ प्रधान के घर पहुंच गईं।
भीड़ देख प्रधान के घर की महिलाओं ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर ऋचा राजपूत समेत सभी लोग चले गए। प्रधान राजेश तिवारी का आरोप है कि आयोग की सदस्य उनके घर पर हमला करने की नीयत से आईं थीं। मामले में प्रधान ने लिखित तहरीर ऋचा राजपूत समेत पांच नामजद व 100 अज्ञात के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को दी।
उधर, रविवार को परशुराम मोर्चा के श्रीकांत पाठक एवं प्रदेश अध्यक्ष विपिन तिवारी सैकड़ों लोगों के साथ मुख्यालय ककोर पहुंचे और एसपी से मुलाकात की। साथ ही ऋचा राजपूत एवं उनके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित प्रधान के परिवार को न्याय दिलवाने की मांग की।
एसपी से मिलने वालों में ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय, भाजपा नेता सौरभ भूषण शर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजकुमार दुबे, विवेक पाठक, दिबियापुर चेयरमेन राघव मिश्रा, अजीतमल चेयरमैन प्रतिनिधि अखिलेश चक, अटसू चेयरमैन प्रतिनिधि स्वदेश पोरवाल, अवनीश त्रिपाठी, पंकज मिश्रा, मुकेश दीक्षित आदि मौजूद थे।