दिबियापुर। फफूंद रेलवे स्टेशन को जिला मुख्यालय का मुख्य रेलवे स्टेशन घोषित करने की मांग तेज हो गई है। शुक्रवार को उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता पैराडाइज के नेतृत्व में व्यापार मंडल ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम बृजेश कुमार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में व्यापार मंडल ने कहा कि जनपद औरैया का प्रमुख रेलवे स्टेशन दिबियापुर में स्थित है। यह स्टेशन जिला मुख्यालय ककोर से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर है। इससे लगभग 3500 से 5000 तक लोगों का रोजाना आवागमन होता है।
ज्ञापन में कहा गया कि जिला बनने के बाद भी इस स्टेशन को औपचारिक रूप से जिला मुख्यालय के स्टेशन का दर्जा प्राप्त नहीं हो सका है। व्यापार मंडल ने बताया कि फफूंद स्टेशन से गत वित्तीय वर्ष में 20 करोड़ रुपये से अधिक की टिकट बिक्री हुई है।
यह अलीगढ़ जंक्शन के बराबर है। इसलिए यहां प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की संस्तुति भी की जाए। व्यापार मंडल ने पूर्व डीएम डाॅ. इंद्रमणि त्रिपाठी द्वारा 9 सितंबर 2025 को उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह को भेजे गए संस्तुति पत्र का भी हवाला दिया। उस पत्र में कहा गया था कि फफूंद रेलवे स्टेशन जनपद का मुख्य स्टेशन है।
ज्ञापन देने वालों में प्रशांत गुप्ता शक्ति, संजीव गुप्ता, धीरज शुक्ला, रंजीत पोरवाल बॉबी, श्याम सिंह, दिलीप पोरवाल, समीर विश्नोई सहित कई व्यापारी व समाजसेवी उपस्थित रहे।
दरअसल, 10 जुलाई को प्रयागराज मंडल की रेलवे बोर्ड बैठक में राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने भी फफूंद रेलवे स्टेशन का नाम दिबियापुर स्टेशन करने सहित विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी थी। वहीं इटावा सांसद जितेंद्र दोहरे भी फफूंद व अछल्दा में विभिन्न ट्रेनों को संचालित करने की मांग कर चुके हैं।