दिबियापुर। कस्बा स्थित फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली जम्मू तवी मुरी एक्सप्रेस व देहरादून की ओर जाने वाली लिंक एक्सप्रेस का ठहराव कोरोना काल से बंद है।
इससे फफूंद स्टेशन से वैष्णो देवी व देहरादून जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को इटावा व झींझक रेलवे स्टेशन का रुख करना पड़ रहा है।
फफूंद रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल के दौरान कई ट्रेनों का ठहराव रोक दिया गया था। करीब छह साल बीतने के बाद भी यहां रुकने वाली इन दोनों यात्री ट्रेनों का दोबारा से ठहराव नहीं हो सका है। इस समस्या को लेकर राज्यसभा सांसद गीता शाक्य व इटावा लोकसभा क्षेत्र से सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने सदन में मांग उठाई थी लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने भी पहल की लेकिन नतीजा सिफर है। अब इस कड़ी में नगर पंचायत दिबियापुर के नामित सभासद कुलदीप पोरवाल ने भी रेलवे के उच्चाधिकारियों को मांग पत्र भेजा है। इसमें फफूंद रेलवे स्टेशन पर दोनों ट्रेनों के ठहराव को बहाल करने की मांग की गई है।