फोटो -42- ट्राईसाइकिल पाने के दौरान दिव्यांग व अधिकारी। स्रोत:प्रशासन
औरैया। जनसुनवाई को प्रभावी बनाने की दिशा में डीएम बृजेश कुमार ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान दिव्यांद दीपिका को ट्राईसाइकिल दी। ट्राईसाइकिल मिलते ही दीपिका और उसके माता-पिता के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया।
विकास खंड अजीतमल के गांव नबले का पुर्वा निवासी जितेंद्र कुमार अपनी दिव्यांग पुत्री दीपिका को लेकर पहुंचे थे। उन्होंने डीएम से सहायक उपकरण के रूप में ट्राईसाइकिल दिलाने की गुहार लगाई। परिजनों ने बताया कि दिव्यांग होने के बावजूद दीपिका पढ़ाई को लेकर बेहद लगनशील है। उसका स्कूल घर से करीब दो किलोमीटर दूर है।
इस परेशानी और शिक्षा के प्रति उसके जज्बे को देख डीएम ने परीक्षण कराया और कार्यालय कक्ष में ही दीपिका को ट्राईसाइकिल सौंप दी। डीएम ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि सभी पात्र दिव्यांगों को समय से सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए। (संवाद)