पैर फिसलने से बंबे में गिरे किशोर की मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव तैरता देख परिवारीजनों को जानकारी दी।
विकास खंड के ग्राम नोनिकपुर निवासी सुभाष चंद्र का पुत्र हेमराज (15) गुरुवार की सुबह लगभग छह बजे शौचक्रिया के लिए गांव के बाहर खेत पर गया था। शौचक्रिया के बाद वह बंबे के निकट पहुंचा। पैर फिसलने से वह बंबे में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। युवक के घर न पहुंचने पर परिवारीजनों ने तलाश की। तभी गांव के कुछ लोगों ने शव को बंबे में तैरता पाया। जानकारी पर परिवारीजनों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पर मृतक के परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी।
ग्रामीणों ने बताया कि हेमराज की मौत पर मां रामकांति का बुरा हाल हैै। ग्रामीणों ने बताया कि हेमराज कुछ समय से अस्वस्थ चल रहा था। उसे कभी कभी दौरा भी पड़ जाता था। सूचना पर लेखपाल राजीव कुमार, ग्राम प्रधान ब्रजेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे।