कन्नौज में था मायका, ससुरालियों पर आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के गांव सराय प्रथम में गुरुवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
सराय प्रथम निवासी कौशल उर्फ सीपू की पत्नी मनीषा (35) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कन्नौज के सलेमपुर तारा बांगर निवासी मनीषा के पिता विनोद कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
पिता का कहना है कि जब वह अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे तो मनीषा का शव पहले से ही नीचे उतरा हुआ मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि गले पर चोट के निशान थे जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर सूचना पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।