कानपुर रोड स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर काम करते समय मजदूर की सड़क पर गिरने की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि सीमेंट की बोरी गिरने से मजदूर की मौत हुई है।
आक्रोशित परिजनों ने दुकानदार के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराने को लेकर जिला अस्पताल के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए इटावा भेज दिया है।
ग्राम मिर्जापुर कोठी निवासी कुंज बिहारी (35) पुत्र स्व. राम सनेही मजदूरी करता था। रोज की भांति शनिवार को वह कानपुर रोड स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर मजदूरी कर रहा था।
तभी वह अचानक सड़क पर आ गिरा। मजदूर को सड़क पर गिरा देख आसपास काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। लोगों ने मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने दुकानदार के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराने की मांग को लेकर इटावा-औरैया मार्ग जाम कर दिया। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने परिजनों को दुकानदार के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर जाम खुल सका।