औरैया।कोतवाली क्षेत्र के गांव क्योंटरा में संदिग्ध हालात एक नवविवाहिता का शव कमरे के अंदर बेड में पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की। मायकेवालों ने ससुरालीजनों पर दहेज में कार न देने पर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। भाई ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। देर शाम पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत छह ससुरालवालों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सभी ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
कानपुर देहात जिले के गांव कतलापुर निवासी राहुल तिवारी पुत्र संतोष तिवारी ने कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक उसने अपनी बहन वंदना की शादी 10 दिसंबर 2017 को क्षेत्र के गांव क्योंटरा निवासी महेशचंद्र उर्फ गोपाल पुत्र उमेश मिश्रा के साथ की थी। शादी के बाद ससुरालीजन दहेज में कार की मांग करने लगे। उसकी बहन की तबियत खराब थी। तीन दिन पूर्व ससुरालीजन उसकी बहन का कानपुर इलाज कराने की बात कहकर ससुराल ले आए थे। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने उसे जानकारी दी कि उसकी बहन की ससुरालीजनों ने हत्या कर दी है। जब वह वंदना की ससुराल आए वह मृत अवस्था में बेड पर पड़ी मिली। भाई ने आरोप लगाया कि कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने बहन की फांसी लगाकर हत्या कर दी है। कोतवाली निरीक्षक मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।