अजीतमल (औरैया)। संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत के मामले में शुक्रवार को उसके परिजन मोर्चरी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बाबरपुर कस्बा के फफूंद मार्ग पर एक गेस्ट हाउस के पास संदिग्ध हालत में एक युवक मिला था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को सीएचसी ले गई थी। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
मौके पर पहुंची पुलिस को उसके बैग से सल्फास का एक पैकेट सहित उसका मोबाइल मिला था। युवक की पहचान बुलंदशहर जनपद के अहमद नगर निवासी लवकेश शर्मा (27) के रूप में हुई थी। पुलिस ने मोबाइल से परिजनों को सूचना दी थी। शुक्रवार को परिजन चिचौली मोर्चरी में पहुंचे। जहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक लवकेश के पिता राजेंद्र शर्मा ने बताया कि पुत्र प्राइवेट कंपनी में कार्य करता था। वह यहां कैसे पहुंचा उन्हें जानकारी नहीं है। कोतवाल राजकुमार ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)