अयाना। थाना क्षेत्र के महारतपुर में शनिवार सुबह एक युवक का शव जानकी मंदिर के पीछे पेड़ पर फंदे पर मिला। परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महारतपुर निवासी अमित कुमार दोहरे ने बताया कि भाई शिवम सिंह (25) अविवाहित था। वह मानसिक रूप से बीमार रहता था। शनिवार सुबह भाई शौच क्रिया के लिए घर से निकला था। छह बजे के करीब लोगों ने उसका शव जानकी मंदिर के पीछे खड़े कटहल के पेड़ से चादर के फंदे पर लटकता देख घटना की जानकारी परिजन को दी। अनहोनी की जानकारी पर मां सुनीता देवी, भाई अंकित, शिवकांत व परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
-
डीसीएम चालक पर हादसा कर भागने की रिपोर्ट
अयाना। जालौन जनपद के रामपुरा के सुभाष नगर निवासी राजू बाथम ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि नौ दिसंबर की शाम को बेटा सोनू (20) अपने मामा के बेटे राज बाथम निवासी इदुरखी भिंड मध्यप्रदेश के साथ बाइक से महेवा से घर लौट रहा था। सेंगनपुर के पास लघुशंका के लिए जाने के लिए बेटे ने बाइक सड़क किनारे खड़ी की। पीछे से आई तेज रफ्तार डीसीएम बेटे को कुचलते हुए निकल गई। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक की तलाश की जा रही है। (संवाद)