दिबियापुर। ककराही गांव स्थित तालाब में 35 वर्षीय एक युवक का शव उतराता मिला। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच की। मृतक की नाक से खून निकल रहा था। तलाशी में जेब से पोस्टमैन की एक पर्ची मिली है, लेकिन पोस्टमैन भी मृतक की शिनाख्त नहीं कर सका।
मंगलवार सुबह 10 बजे सीएचसी के पीछे ककराही तालाब में एक संदिग्धावस्था में युवक मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वीडियोग्राफी करवाकर शव को बाहर निकाला। जांच के दौरान तालाब के पास उल्टी के निशान पाए गए। ऐसा प्रतीत होता है कि युवक शराब पीने से नशे में होने से तालाब में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई।
शव को पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस रखवा दिया है और आसपास थानों में पहचान करने के लिए वायरलेस के जरिए सूचना दी गई हैं। प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप त्रिपाठी व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतक ने सफेद शर्ट और काली लोअर पहन रखी थी।
उसके हाथ में चाभी का छल्ला था। स्थानीय लोगों का मानना है कि युवक की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है। उधर, सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तालाब में युवक का शव उतराता पाया गया है। शव की पहचान कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम में रखवा दिया गया है।