बेला। डेंगू के मच्छरों से निजात दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेला में कीटनाशक दवा डीडीटी का छिड़काव कराया। इस दौरान गांव पहुंचे चिकित्सकों ने ग्रामीणों को डेंगू से बचाव के उपाय बताते हुए जागरूक किया।
समस्याओं को लेकर आईना दिखाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बा के दिबियापुर रोड पर स्थित डेंगू संक्रमित क्षेत्र के मोहल्ले में एडीज मच्छरों से निजात दिलाने के लिए कीटनाशक डीडीटी का छिड़काव कराया। चिकित्सक डॉ. सतेंद्र, डॉ. संकल्प, मलेरिया इंस्पेक्टर डॉ. अभिषेक भदौरिया ने मोहल्ले के घरों में निरीक्षण कर कूलर में भरे पानी को निकलवाया। लोगों को डेंगू से बचाव व होने वाले लक्षण की जानकारी भी दी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही अनदेखी पर अमर उजाला ने पांच अक्तूबर के अंक में खबर प्रकाशित की थी। उसके बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया। इस दौरान ग्रामीण जवाहर सिंह, केदारनाथ, पप्पू यादव, योगेश कुमार ने इसे अमर उजाला की पहल बताया। कहा कि कस्बा में कई वर्षों के बाद डीडीटी का छिड़काव किया है।