कोतवाली क्षेत्र के रूरूगंज कस्बे में नीमसार के लिए तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही एक प्राइवेट बस चालक तथा यात्रियों के साथ दबंगों ने पिटाई कर नगदी लूट ली। वहीं विरोध जताने पर बस में तोड़फोड़ कर दी।
इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है। वहीं पुलिस ने घायल चालक व एक यात्री को गंभीर रूप से घायल होने पर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
शनिवार दोपहर को तीर्थयात्रियों की प्राइवेट बस संख्या यूपी 75 एम 7930 नीमसार के लिए रवाना हुई। बस को इंद्रानगर, इटावा निवासी अजय चला रहा था। बस जब रूरूगंज के ग्राम घसारा के पास पहुंची। तभी एक बाइक सवार के अचानक सामने आने पर उसने ब्रेक लगा दिए।
देखते ही देखते वहां कई ग्रामीण एकत्रित हो गए और चालक अजय की मारपीट करने लगे। यही नहीं दबंगों ने बस में बैठी सवारियों की पिटाई करनी शुरू कर दी।
यात्रियों ने जब विरोध किया तो दबंगों ने मारपीट करते हुए बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। चालक व सवारियों का कहना है कि दबंगों ने ड्राइवर व यात्रियों की जेब में रखे रुपये लूट लिए।
मामला बढ़ते देख दबंग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बस चालक चुटहिल यात्रियों के साथ कोतवाली पहुंचा और उसने इंस्पेक्टर विक्रमाजीत सिंह को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल चालक अजय व यात्री शिवानंद को सीएचसी भेजौ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हल्की चोटें लगने पर कुछ यात्री बिना प्राथमिक इलाज कराए चले गए।