औरैया। जिले में बिजली कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से 15 फीडरों की ध्वस्त हुई आपूर्ति को बहाल करने के लिए शनिवार शाम से ही जिला प्रशासन ने अपनी ताकत झोंक दी। इसके बावजूद तीन ग्रामीण फीडरों समेत पांच फीडरों के 60 गांवों के लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। बिजली न आने से इन गांवों में पेयजल, सिंचाई व अन्य बिजली संबंधी कार्य पूरी तरह ठप रहे। रविवार दोपहर बाद जिला प्रशासन के अथक प्रयास के बाद भी इन फीडरों की आपूर्ति बहाल नहीं कराई जा सकी।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से जिले के ग्रामीणांचल समेत शहरी बिजली आपूर्ति लगातार ध्वस्त थी। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने ऐड़ी-चोटी की ताकत झोंक कर शनिवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल कराने का काम शुरू किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता बृजमोहन ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों और पॉलिटेक्निक व आईटीआई के इलेक्ट्रिकल्स के छात्रों को उपकेंद्रों पर तैनात कर आपूर्ति बहाल कराने की जिम्मेदारी सौंपी।
रात भर लाइनों पर काम करने के बाद रविवार सुबह तक जहां 10 फीडरों की आपूर्ति सुचारु कराई जा सकी। वहीं, सदर डिवीजन के कखावतू उपकेंद्र के दौलपुर फीडर में देर शाम हुए फाल्ट के चलते इससे जुड़े 15 गांव, अजीतमल उपकेंद्र के अयाना (मुरादगंज ) फीडर से जुड़े 25 गांव, बिधूना उपकेंद्र के पसुआ फीडर की मशीन खराब हो जाने से पसुआ, लखनहारा, भैंसलोट, पुर्वा लक्ष्मीराम, चिरूकुआ, धनवाली, सूखाताल, परसारी पुर्वा, शाहूपुर, मिश्रीपुर, जगराजपुर, शिवपुर, हमीरपुर, रायपुर, पुर्वा कमल सिंह, लुधपुरा, सराय प्रथम, शामपुर, बमुराह, आरमपुर, किचिकियापुर आदि 22 गांवों की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
कर्मचारियों ने ठप पड़े बीहड़ी क्षेत्र के उपकेंद्र तिवर लालपुर के तीनों फीडरों भरतौल, जुहीखा व सेंगनपुर में सुबह करीब पांच आपूर्ति बहाल कराई। वहीं, अयाना उपकेंद्र के कस्बा जाना फीडर की मशीन खराब होने के चलते पहले नवादा फीडर की आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद नवादा फीडर से कस्बा जाना क्षेत्र के गांवों को जोड़कर आपूर्ति बहाल कराई गई।
सदर डिवीजन के कांशीराम, करियापुर व कादलपुर फीडर बहाल होने के बाद कॉलोनी क्षेत्र व आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। फफूंद क्षेत्र के केशमपुर उपकेंद्र का पाता फीडर से जुड़े 50 गांवों व तीन दिनों ने बिजली न पहुंचने वाले अछल्दा क्षेत्र के मुके की मडैया गांव की आपूर्ति को रात में बहाल कर दिया गया।
मुरादगंज फीडर की आपूर्ति रविवार दोपहर तक ठप रहने के चलते कस्बे व अन्य गांवों में जलापूर्ति का संकट छा गया। पानी की सप्लाई न आने से लोग सुबह से ही हैंडपंपों पर कतारें लगाकर पानी भरते रहे। बिजली न होने के चलते व्यापारियों को उनके प्रतिष्ठान संचालन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कस्बा अयाना की पानी टंकी की लाइन में फाल्ट आने से क्षेत्र के करीब नौ हजार लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के फोन पर शिकायत करने पर अधिकारियों ने संज्ञान लेकर दुरुस्त कराया।