औरैया। गैस सिलिंडर की किल्लत अभी भी दूर नहीं हो सकी है। गैस बुकिंग कराने के बाद डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) आने में दो दिन का समय लग रहा है।
इसके बाद उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंचकर पर्ची कटवा रहे हैं। जहां घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। तब कहीं जाकर उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिल पा रहा है। यही नहीं व्यावसायिक सिलिंडर की समस्या भी बरकरार है। कारोबारी एजेंसी पर कामर्शियल सिलिंडर न मिलने की स्थिति में निराश होकर वापस लौट रहे हैं।
अजीतमल कस्बा में इन दिनों व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कमी से उपभोक्ताओं और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। द्रौपदी जयंती गैस एजेंसी पर अब तक व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो सकी है। जिसके चलते होटल, ढाबा व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू सिलिंडरों की जुगाड़ लगानी पड़ रही है।
स्थिति यह है कि लोग सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं, फिर भी नंबर आने तक सिलिंडर खत्म हो जा रहे हैं। गैस एजेंसी संचालक एस हरेंद्र ने बताया कि सिलिंडरों की कमी नहीं है लेकिन ओटीपी से संबंधित तकनीकी समस्या के कारण वितरण में बाधा आ रही है। दो-दो दिन बाद नंबर आ रहा है। कई उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर सही दर्ज न होने या ओटीपी समय पर न पहुंचने से सिलिंडर जारी करने में देरी हो रही है।
उन्होंने बताया कि कुछ हद तक होम डिलीवरी की जा रही है। व्यावसायिक सिलिंडर अभी तक एजेंसी को प्राप्त नहीं हुए हैं।
गैस गोदाम पर गाड़ी न आने से वितरण बंद
बिधूना कस्बा के भरथना रोड स्थित भारत गैस गोदाम पर गाड़ी न आने के कारण शनिवार को गैस सिलिंडर का वितरण नहीं हुआ। इसके लिए गेट पर एक सूचना भी दर्ज करा दी गई। सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा। एजेंसी संचालक अनिल कुमार सिंह यादव ने बताया कि अगर गाड़ी आएगी तो गैस का वितरण किया जाएगा। मानक 900 सिलिंडरों का है। 300 मिल रहे हैं।
बोले लोग, दो दिन आ रहा नंबर
अजीतमल की द्रौपदी जयंती गैस एजेंसी पर कतार में खड़े राजपाल ने बताया कि सुबह नौ बजे से कतार में खड़े हुए हैं। चार घंटे बाद भी पर्ची नहीं कट सकी है। दो फरवरी को सिलिंडर उठाया था। दोबारा से डीएसी के लिए दो दिन बाद नंबर आया है।
अजीतमल की द्रौपदी जयंती गैस एजेंसी पर कतार में खड़े घनश्याम सिंह ने बताया कि जनवरी में सिलिंडर उठाया था। दो दिन बाद डीएसी नंबर आने के बाद अब एजेंसी पर आए हैं। यहां पर पांच घंटे से कतार में खड़े हुए है।
फोटो-25- अजीतमल में गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की कतार। संवाद
फोटो-25- अजीतमल में गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की कतार। संवाद