मुरादगंज रोड पर जाम लगाकर हंगामा करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
एक सप्ताह से करेंसी न मिलने से मुसीबत उठा रहे ग्रामीणों ने गुरुवार को सेंट्रल बैंक के बाहर खूब हंगामा किया। इन्हाेंने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया। करीब दो घंटे के बाद जाम खुला। लोगों ने चौकी इंचार्ज को बैंक मैनेजर के खिलाफ मनमानी करने की तहरीर दी है।
कस्बे की सेंट्रल बैंक में ग्राहक सारे काम छोड़कर सुबह से ही नगदी निकासी के लिए बैंक के बाहर लाइन में लग जाते हैं। बैंक कर्मचारी करेंसी न होने की बात कहकर इन्हें बैरंग कर देते हैं। ऐसा एक सप्ताह से हो रहा है। गुरुवार को ग्राहकों का सब्र टूट गया। करेंसी न मिलने से खफा ग्रामीण खाताधारक भड़क गए। यह नारेबाजी करने लगे। बवाल की आशंका में बैंक मैनेजर ने चैनल बंद कर दिया। इसके ग्रामीण सड़क पर आकर बैठ गए। इन्हाेंने रोड जाम कर दिया। इस सूचना पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। ग्रामीणाें का कहना था कि बैंक मैनेजर मनमानी कर रहे हैं। वह सिर्फ चहेतों को रुपये बांट रहे हैं। आम ग्राहकाें को लौटाया जा रहा है। पुलिस कर्मियों ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुला। ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज को मैनेजर के खिलाफ तहरीर दी है।