औरैया/ फफूंद। लॉकडाउन के दौरान भीड़ न एकत्र हो, इसके लिए शहर काजी ने शुक्रवार को जुमे की नमाज घर पर ही अदा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घर पर नमाज अदा कर आवाम और मुल्क की हिफाजत के लिए अल्लाह से दुआ करें।
शहर काजी औरैया सैयद गुलाम अब्दुस्समद मियां चिश्ती ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने अपील की है कि जुमे की नमाज के लिए मस्जिदों में न आकर घरों पर ही अदा करें। साथ ही घरों से बाहर निकलने से भी परहेज करें।
मस्जिद में तीन लोगों के होने पर जुमे की नमाज अदा की जा सकती है। उधर, फफूंद कस्बे के मोहल्ला तरीन स्थित मदीना जामा मस्जिद के इमाम हाफिज असरार ने भी अपील की है कि जुमे की नमाज घरों में ही अदा करें। जुमा की नमाज के बाद जुहर नमाज के साथ ही आवाम व मुल्क की हिफाजत की रब से दुआएं मांगे।