औरैया। विश्वकर्मा समाज सेवा समिति की ओर से रविवार की शाम कस्बा बाबरपुर-अजीतमल में नव वर्ष मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान समाज के उत्थान और सामाजिक एकता पर बल दिया गया। समारोह में समाज के उत्थान के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया।
वरिष्ठ समाजसेवी ओम प्रकाश ओझा ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए हम सबको हर संभव प्रयास करना होगा। समाज में फैली कुरीतियों व अंधविश्वास को जड़ से उखाड़ फेंकना होगा, तभी समाज का उत्थान संभव है। वर्तमान में समाज को जागरूक करने की बहुत ही आवश्यकता है।
मैथिल शर्मा विश्वकर्मा महासभा के जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा ने कहा कि समाज को दिशा देने का काम समाज के वरिष्ठ व बुद्धिजीवियों का है। इसके लिए उन्हें ही समाज की कमान संभालने के लिए आगे आना होगा। महासभा के जिला महासचिव अवधेश शर्मा ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ समाज के पीड़ित परिवारों से लगातार संपर्क करने का काम कर रहे हैं।
बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी रमेश चंद्र शर्मा व संचालन ओम प्रकाश ओझा ने किया। इस मौके पर राम गोपाल विश्वकर्मा, सुबोध कुमार विश्वकर्मा, अशोक विश्वकर्मा, हरि गोविंद विश्वकर्मा, विनोद विश्वकर्मा, श्याम सुंदर विश्वकर्मा, शिव नाथ ओझा, अनिल ओझा, गोविंद शर्मा, मुकेश शर्मा, लज्जाराम व दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे।