औरैया। बुढ़वा मंगल जिले भर में श्रद्धा के साथ मनाया गया। हनुमान मंदिरों में भव्य सजावट की गई। इस दौरान मंदिरों व घरों में हनुमान चालीसा, हनुमाष्टक, बजरंग बाण व सुदंर कांड का पाठ का आयोजन हुआ। ‘जय हनुमान ज्ञान गुन सागर’ की चौपाइयों से माहौल गूंज उठा। श्रद्धालुओं हनुमान जी की आराधना कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।
सभी हनुमान मंदिरों में भोर होते ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के सभी छोटे-बड़॑े हनुमान मंदिरों पर झांकियों का आयोजन किया गया। अखंड पाठ के समापन अवसर पर हवन पूजन कार्यक्रम संपन्न हुए और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कई हनुमान मंदिरों पर मंदिर कमेटी के सदस्यों द्वारा दंगल का आयोजन भी किया गया। शहर के गुमटी मोहल्ला स्थित श्री संकट मोचन मंदिर और रुहाई मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर व गढ़ैया मोहल्ला स्थित संकट हरण मंदिर पर दो दिवसीय झांकियों का आयोजन किया गया।
पहले दिन देररात तक भक्तों की भीड़ झांकियां देखने के लिए उमड़ी। इसके साथ ही बघाकटरा, आवास विकास कालोनी, तिलक नगर, ओम नगर, ब्रह्मनगर, गोविंद नगर आदि मोहल्लों में स्थित हनुमान मंदिरों पर भी झांकियों का आयोजन किया गया। इधर ग्राम पढ़ीन स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर पर पूर्व मंत्री रामजी शुक्ला, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि लालजी शुक्ला ने हवन पूजन कार्यक्रम के साथ भंडारे का आयोजन किया। आवास विकास कालोनी स्थित हनुमान मंदिर पर बुढ़वा मंगल के उपलक्ष्य में दंगल का आयोजन किया गया।
ककोर मार्ग स्थित महावीर मंदिर पर बुढ़वा मंगल भक्तों की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह भंडारा का आयोजन किया गया। भक्तों ने विधि-विधान से पूजन कर बल, बुद्धि की कामना की। महिलाएं मनौती पूरा होने पर कड़ाही चढ़ाकर आरती की। महावीर धाम से शुरू हुई शोभा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और शोभा यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। गल्ला मंडी के पास भंडारा हुआ। इस दौरान भानू प्रकाश पोरवाल, संजय गुप्ता, दीपू सोनी, गौरव पोरवाल, ज्ञानेंद्र वर्मा, नवीनपोरवाल, हरिचन्द, लिटिल सविता, निखिल पोरवाल, रजत कश्यप आदि मौजूद रहे। अछल्दा में पर हवन व भंडारे का आयोजन किया गया। नहर बाजार स्थित महामाई मंदिर में अखण्ड पाठ व भंडारे, सीताराम मंदिर में भंडारे, नगर के स्टेशन रोड स्थित बजरंगबली मंदिर पर राहगीरों को प्रसाद वितरण किया गया।