गेल पाता कैंपस में सीआईएसएफ वाइव्स एसोशिएसन संरक्षिका का स्थापना दिवस मनाया गया। इसमें संरक्षिका परिवार की महिलाओं एवं बच्चों द्वारा मनमोहक रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। मुख्य अतिथि के तौर पर गेल महाप्रबंधक एमआर मेश्राम की पत्नी नृपा मेश्राम मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि नृपा मेश्राम ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं एवं बच्चों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। सीआईएसएफ गेल पाता यूनिट के डिप्टी कमांडेंट अनिल कुमार की पत्नी संरक्षिका की अध्यक्ष रजनी रंजन ने बताया कि उनका संरक्षिका संगठन पूरे देश में सभी सीआईएसएफ यूनिटों में काम कर रहा है।
सीआईएसएफ जवान सुरक्षा करें तो उनकी पत्नियां और बच्चे नए हुनर सीखें, यही संरक्षिका का मुख्य उद्देश्य है। उनकी यूनिट में भी महिलाओं को ब्यूटी पार्लर का कोर्स कराया जा रहा है।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि नृपा मेश्राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिलाओं एवं बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। अंत में मुख्य अतिथि ने पुरस्कार वितरण कर सभी का उत्साहवर्द्न किया। मीनाक्षी मेदी, डा. पुष्पलता, गीता दीक्षित एवं संरक्षिका परिवार की महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे।